पाकिस्तान बॉर्डर से पकड़ा गया संदिग्ध, सोशल मीडिया के जरिए फैला रहा था जहर
जैसलमेर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर के पास स्थित संवेदनशील क्षेत्र में एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। जैसलमेर जिले के नाचना थाना क्षेत्र के भारेवाला इलाके में गुरुवार देर रात एक युवक को संदिग्ध गतिविधियों के शक में हिरासत में लिया गया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश पुलिस से मिले विशेष इनपुट के आधार पर की गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिया गया युवक बीकानेर जिले बताया जा रहा है। हालांकि, वह पिछले 12 वर्षों से भारेवाला गांव में रहकर खेती-बाड़ी का काम कर रहा था। स्थानीय लोगों से पूछताछ में सामने आया कि वह एक सामान्य किसान था, लेकिन हालिया इनपुट्स के आधार पर की गई कार्रवाई ने उसके संदिग्ध कनेक्शन को उजागर कर दिया।
टेलीग्राम ग्रुप्स के जरिए भेजे जाते थे भड़काऊ मैसेज
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, युवक का नाम एक संदिग्ध टेलीग्राम ग्रुप में सामने आया है। इस ग्रुप में देश विरोधी गतिविधियों से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस डिजिटल नेटवर्क की निगरानी के दौरान कुछ अहम सुराग जुटाए, जिनमें राजस्थान और कश्मीर के युवाओं के बीच संपर्क के संकेत मिले। इस कड़ी में अभी तक चार लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। जिसमें दो कश्मीरी युवक भी शामिल हैं। इन सभी से पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर जैसलमेर के भारेवाला निवासी युवक तक पहुंच बनाई गई।
सर्विलांस की मदद से लोकेशन हुई ट्रैक
नाचना पुलिस ने खुफिया सूचना और तकनीकी सर्विलांस की मदद से युवक की लोकेशन ट्रैक की और देर रात उसके घर पर दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया। फिलहाल उसे नाचना थाने में रखा गया है, जहां आज विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों द्वारा संयुक्त पूछताछ की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, युवक के मोबाइल फोन की शुरूआती जांच में कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है। हालांकि, जांच एजेंसियों को आशंका है कि उसने महत्वपूर्ण डेटा पहले ही डिलीट कर दिया है। इसी को ध्यान में रखते हुए अब डिजिटल फॉरेंसिक टीम की मदद से डिलीट किए गए डेटा को रिकवर करने की कोशिश की जाएगी। इसके अलावा, युवक के बैंक ट्रांजेक्शन, कॉल डिटेल्स और सोशल नेटवर्किंग कनेक्शन्स की भी गहनता से जांच की जाएगी।ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं है।
सीमा पर हाईअलर्ट
घटना के सामने आने के बाद भारेवाला सहित आसपास के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस और बीएसएफ को अलर्ट मोड पर रखा गया है और क्षेत्र में निगरानी तेज कर दी गई है। संवेदनशीलता को देखते हुए आने-जाने वाले लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से जांच करने में जुटी हुई हैं और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की गहराई से पड़ताल की जा रही है। यह मामला सीमावर्ती सुरक्षा और डिजिटल नेटवर्क के दुरुपयोग से जुड़ा होने के कारण बेहद संवेदनशील माना जा रहा है।
