लाल निशान में खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स 276 अंक लुढ़का
ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और ब्रेंट क्रूड के 90 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल जाने के कारण आज भारतीय शेयर बाजार दबाव में नजर आ रहा है। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों की शुरुआत लाल निशान में हुई। सुबह 09:20 बजे सेंसेक्स 276 अंक की गिरावट के साथ 77,452.15 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 53.90 अंक लुढ़ककर 24,233.75 पर ट्रेड कर रहा था। इस दौरान बाजार में लगभग 1,514 शेयरों में तेजी और 1,159 शेयरों में बिकवाली का दबाव देखा गया। पिछले कारोबारी सत्र यानी सोमवार को सेंसेक्स 281.09 अंक गिरकर 77,728.16 पर और निफ्टी 78.35 अंक फिसलकर 24,287.65 पर बंद हुआ था।
ग्लोबल संकेतों का असर
बाजार में कमजोरी के संकेत पहले ही गिफ्ट निफ्टी (Gift Nifty) से मिलने लगे थे, जो आज सुबह लाल निशान में कारोबार कर रहा था। एशियाई बाजारों के रुझान भी मिले-जुले रहे:
-
जापान का निक्केई (Nikkei): लगभग 0.89% की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहा था।
-
दक्षिण कोरिया का कोस्पी (Kospi): चिप कंपनियों के शेयरों में खरीदारी के दम पर 1.94% की मजबूती के साथ हरे निशान में था।
-
ताइवान का बाजार: मामूली 0.02% की हल्की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था।
