तेज रफ्तार ट्रक डिवाइडर से टकराया, फिर पुलिस गाड़ी को मारी टक्कर
दौसा। पुलिस की पेट्रोलिंग कार को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसमें सवार पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। यह घटना बीती देर रात जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर सिकंदरा थाना क्षेत्र के दुब्बी गांव में हुई। दरअसल, पुलिस की पेट्रोलिंग कार रात के समय गश्त के दौरान दुब्बी गांव में सर्विस रोड पर खड़ी थी। इसी दौरान भरतपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पहले रेलिंग-डिवाइडर को टक्कर मारी और उसके बाद पुलिस की कार से जा टकराया। हादसे के समय कार में दौसा कोतवाली थाने के एएसआई रतनलाल, ड्राइवर किशोरीलाल सहित दो कांस्टेबल सवार थे। अचानक हुए हादसे के बाद पुलिसकर्मी घबराकर जान बचाते हुए कार से बाहर निकल आए। टक्कर से पुलिस की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मदद के लिए दौड़े ग्रामीण
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर दुब्बी चौकी और सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।
मौके से ट्रक चालक फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पहले रेलिंग-डिवाइडर से टकराया था। गनीमत रही कि ट्रक की सीधी टक्कर कार से नहीं हुई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आ गई थी या वह नशे में हो सकता है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
