बारिश से गुरुग्राम बेहाल! सड़कों पर पानी भरने से लोगों का निकलना मुश्किल
दिल्ली-NCR:दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में गुरुवार सुबह तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने दिनभर मध्यम से भारी बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बारिश से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं गुरुग्राम में तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के बाद प्रदूषण स्तर में आया सुधार
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 1.3 डिग्री कम है। अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश के कारण हवा की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिला है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार सुबह के समय दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 84 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में है।
दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में पूरे दिन बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में भी हल्की आंधी, बिजली चमकने और मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की गई है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
गुरुग्राम पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, वर्क फ्रॉम होम की अपील
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने बताया कि भारी बारिश के कारण शहर की मुख्य सड़कों और प्रमुख चौराहों पर जलभराव की स्थिति बन सकती है, जिससे यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
पुलिस ने कॉरपोरेट कंपनियों और निजी संस्थानों से अपील की है कि वे कर्मचारियों को घर से काम करने की सुविधा दें, ताकि सड़कों पर वाहनों का दबाव कम किया जा सके। पुलिस के अनुसार, इससे ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी और आपातकालीन सेवाओं के संचालन में भी आसानी होगी। नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है।
