इंटरव्यू पूरे होते ही जारी होगा रिजल्ट, उम्मीदवारों की बढ़ी धड़कनें
अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित राज्य की सबसे प्रतिष्ठित प्रशासनिक सेवा परीक्षा RAS-2024 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। आयोग 17 अप्रैल को इंटरव्यू प्रक्रिया का अंतिम चरण पूरा करेगा, जिसके बाद फाइनल रिजल्ट जारी करने की तैयारियां लगभग पूरी मानी जा रही हैं। आयोग की परंपरा और पिछले ट्रेंड को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि 17 अप्रैल की देर शाम या अधिकतम 18 अप्रैल तक RAS-2024 की अंतिम मेरिट लिस्ट जारी हो सकती है।
1096 नए अफसर मिलेंगे
इस भर्ती के जरिए राजस्थान को कुल 1096 नए अधिकारी मिलेंगे, जो विभिन्न प्रशासनिक और अधीनस्थ सेवाओं में अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे। इनमें 428 पद राज्य सेवा (RAS) के हैं, जबकि 668 पद अधीनस्थ सेवाओं के शामिल हैं। यह भर्ती राज्य के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
4.5 महीने चली इंटरव्यू प्रक्रिया
RAS-2024 की इंटरव्यू प्रक्रिया 1 दिसंबर से शुरू हुई थी, जिसमें प्रदेशभर से चयनित अभ्यर्थियों ने भाग लिया। अब करीब साढ़े चार महीने तक चली इस प्रक्रिया के समाप्त होने के साथ ही अभ्यर्थियों का इंतजार भी खत्म होने वाला है।
RPSC ने तेजी से पूरी की प्रक्रिया
इस बार खास बात यह रही कि RPSC ने भर्ती प्रक्रिया को अपेक्षाकृत तेजी से पूरा किया है। वैकेंसी जारी होने से लेकर फाइनल रिजल्ट तक का पूरा सफर लगभग 1 साल 7 महीने 16-17 दिन में पूरा होने की संभावना है, जो पिछली भर्तियों की तुलना में काफी कम समय है। इससे आयोग की कार्यप्रणाली में आई गति साफ नजर आती है।
RAS-2026 को लेकर असमंजस
इधर RAS-2024 का परिणाम आने वाला है, वहीं दूसरी ओर RAS-2026 भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। राज्य सरकार ने जनवरी 2026 में 500 पदों पर नई भर्ती की घोषणा की थी, लेकिन अभी तक इसकी प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं हुए हैं।
3 मई को प्रस्तावित प्रारंभिक परीक्षा
RPSC के परीक्षा कैलेंडर के अनुसार RAS-2026 की प्रारंभिक परीक्षा 3 मई को प्रस्तावित है। ऐसे में अभ्यर्थियों के सामने तैयारी और अनिश्चितता दोनों की स्थिति बनी हुई है। अब सभी की नजरें आयोग की आगामी आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं, जिससे यह साफ हो सके कि नई भर्ती समय पर होगी या इसमें बदलाव किया जाएगा।
