दिल्ली-नोएडा-गाजियाबाद में सांस लेना हुआ मुश्किल, हवा ‘गंभीर’ श्रेणी में
दिल्ली में बढ़ता प्रदूषण कम होने के नाम नहीं ले रहा है. ज्यादातर इलाके बीते कई दिनों से रेड जोन में बने हुए है. प्रदूषण की स्थिति इतनी भयावह हो गई है कि इसे साफतौर पर देखा जा सकता है. सरकार अपने स्तर पर इसे कम करने के निरंतर प्रयास कर रही है. बावजूद इसके कोई बड़ा सुधार होता नजर नहीं आ रहा है. गुरुवार सुबह 6 बजे दिल्ली के विवेक विहार और आनंद विहार का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 पार दर्ज किया गया है, जो कि गंभीर श्रेणी में आता है.
आज दिल्ली का ओवरऑल AQI 347 रिकॉर्ड किया गया है, जो कि प्रदूषण की बहुत खराब श्रेणी में आता है. इसके अलावा, करीब 32 इलाकों में भी AQI 300 से 400 के बीच दर्ज किया गया है. बढ़ते AQI का असर अब लोगों की सेहत पर पड़ने लगा है. गले में खराश, सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन जैसे समस्याएं इन दिनों आम हो गई हैं. लोगों ने एहतियातन के तौर मास्क लगाना और बेवजह घरों से बाहर निकलना तक बंद कर दिया है.
इन इलाकों में 400 पार AQI
प्रदूषण का सबसे ज्यादा असर बुजुर्ग, बच्चों और सांस की गंभीर बीमारी से जुड़े लोगों पर देखने को मिल रहा है. दिल्ली में विवेक विहार का AQI सबसे ज्यादा 412 रिकॉर्ड किया है, जबकि आनंद विहार का AQI-404 है. दोनों इलाकों की स्थिति प्रदूषण की गंभीर श्रेणी में है. इसके अलावा, दिल्ली के 32 इलाकों में AQI ‘बहुत खराब’ स्तर पर है. इनमें से अलीपुर का AQI-363, अशोक विहार का AQI-381, आया नगर का AQI-312, बवाना का AQI-382, बुराड़ी क्रॉसिंग का AQI-363, मथुरा रोड का AQI- 227, डॉक्टर करनी शूटिंग का AQI-341 और द्वारका सेक्टर-8 का AQI-360 दर्ज किया गया है.
‘बहुत खराब’ कैटेगरी में AQI
इसके अलावा, आईजीआई एयरपोर्ट का AQI-305, IHBAS दिलशाद गार्डन का AQI-360, आईटीओ का AQI-359, जहांगीरपुरी का AQI-383, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम का AQI-349, लोधी रोड़ का AQI-316, मेजय ध्यानचंद स्टेडियम का AQI-319, मंदिर मार्ग का AQI-342, मुंडका का AQI-359, नजफगढ़ का AQI-333, नरेला का AQI-360, नेहरू नगर का AQI-362, नॉर्थ कैंपस का AQI-347 और ओखला फेस-2 का AQI-347 दर्ज किया है. कई और भी इलाकों में AQI 300 से 400 के बीच रिकॉर्ड किया है, जो कि पॉल्यूशन की बहुत खराब कैटेगरी में आता है.
जानें कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में सिर्फ पॉल्यूशन ही नहीं, बल्कि अब सर्दी का सितम भी शुरू हो गया है. लोगों के कूलर-पंखे बंद होकर हल्के-फुल्के ब्लैंकेट निकल आए हैं. गुरुवार सुबह वातावरण में हल्का कोहरा देखा गया. आज अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. फिलहाल आज बारिश की कोई भी आसार नजर नहीं आ रहे हैं. इसके अलावा, दिल्ली-NCR में आने वाले इलाकों में भी AQI खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है.
नोएडा में ओवरऑल AQI-373, ग्रेटर नोएडा में AQI-344 और गाजियाबाद में AQI-407 रिकॉर्ड किया गया है, जो कि प्रदूषण की गंभीर कैटेगरी में आता है. इसके अलावा, गुरुग्राम का AQI-210 तक पहुंच गया.
