दिल्ली भाजपा के संस्थापक स्तंभ प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का निधन, नेताओं ने जताया शोक
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, दिल्ली भाजपा के पहले प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह 94 वर्ष के थे। दिल्ली के एम्स अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। लंबे समय से बीमार चल रहे प्रो. मल्होत्रा ने सुबह करीब 6 बजे दुनिया को अलविदा कहा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निवास पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी गहरा शोक व्यक्त किया।
सादगी और जनसेवा को समर्पित रहा जीवन
प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का जन्म 3 दिसंबर 1931 को लाहौर में हुआ था। वे दिल्ली के पूर्व मुख्य कार्यकारी पार्षद और सांसद रह चुके हैं। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रो. मल्होत्रा का जीवन सादगी, जनसेवा और संगठन निर्माण के लिए समर्पण की मिसाल रहा। जनसंघ के दौर से लेकर भाजपा के शुरुआती समय तक उन्होंने पार्टी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
पीएम मोदी बोले – "उनका योगदान अविस्मरणीय"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि प्रो. मल्होत्रा ने दिल्ली और देश में भाजपा को खड़ा करने के लिए अथक परिश्रम किया। उनका योगदान पार्टी और देश की राजनीति में हमेशा याद किया जाएगा।
राजनाथ सिंह ने जताया शोक
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए कहा,
“जनसंघ और भाजपा के इतिहास में प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा जैसे दिग्गजों का विशेष स्थान है। उन्होंने दिल्ली में पार्टी को मजबूत करने के लिए अथक परिश्रम किया। भारतीय संविधान के अपने ज्ञान के लिए वे व्यापक रूप से सम्मानित थे। उनके निधन से गहरा दुख हुआ है।”
सीएम योगी ने की प्रार्थना
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी एक्स पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा,
“भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा जी का निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।”
रेखा गुप्ता ने कहा – “अभिभावक समान नेता”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मल्होत्रा न केवल भाजपा के वरिष्ठ नेता थे बल्कि सभी कार्यकर्ताओं के अभिभावक समान थे।
“जनसंघ के दौर से लेकर भाजपा की स्थापना तक उनका जीवन राष्ट्रनिष्ठा, संगठन कौशल और अनुशासन का जीता-जागता उदाहरण रहा। उन्होंने संगठन की नींव को मजबूत किया और असंख्य कार्यकर्ताओं को सेवा और समर्पण का मार्ग दिखाया।”
प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा के निधन से दिल्ली और राष्ट्रीय राजनीति में एक युग का अंत हो गया है। उनका योगदान भाजपा और देश की लोकतांत्रिक यात्रा में सदैव स्मरणीय रहेगा।
